छिबरामऊ। अस्पताल में भर्ती साथी को देखने सोमवार की देर रात नशे में धुत पहुंचे युवकों ने हंगामा किया। स्वास्थ्य कर्मियों, तीमारदारों के अलावा चौकी पुलिस के एक सिपाही के साथ गालीगलौज व अभद्रता की। सूचना पर पहुंची पुलिस हंगामा कर रहे दोनों युवकों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई।
अस्पताल में रात 12 बजे दो-तीन युवक नशे की हालत में इमरजेंसी वार्ड में भर्ती साथी को देखने पहुंचे। यहां पर युवकों ने स्वास्थ्य कर्मियों से लेकर मरीजों व उनके तीमारदारों के साथ गालीगलौज करते हुए हंगामा किया। स्वास्थ्य कर्मियों के समझाने पर भर्ती मरीज ने इन युवकों को वार्ड से बाहर भेजा। इसके बाद तीनों युवक अस्पताल के मुख्य गेट पर आकर हंगामा करने लगे। इस पर चौकी के एक सिपाही ने इन युवकों को वहां से जाने को कहा तो इन युवकों ने उसे भी धमकाते हुए काफी भला बुरा कहा। इस बातचीत का किसी ने वीडियो बना लिया। सिपाही की सूचना पर पहुंची पुलिस दो युवकों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई। कोतवाल विष्णुकांत तिवारी ने बताया कि दोनों युवकों ने अस्पताल में बाहर हंगामा जरूर किया। सिपाही के साथ अभद्रता नहीं की। दोनों के खिलाफ शांति भंग की आशंका के तहत कार्रवाई की गई है।