गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर कन्नौज रोड पर स्थित
एक पेट्रोल पंप से डीएम अनुज झा, सीडीओ ने हरी झंडी दिखाकर रेस को रवाना
किया। क्रास कंट्री रेस में शामिल युवक-युवतियां पूरे उत्साह व उमंग के साथ
दौड़े। हर प्रतिभागी रेस में आगे निकलने की चाहत लेकर पूरे दमखम के साथ
दौड़ लगाई।
गणतंत्र दिवस पर आयोजित हुई क्रास कंट्री रेस में करीब एक
सैकड़ा से अधिक युवक और दो दर्जन से अधिक युवतियों ने प्रतिभाग किया।
जिलाधिकारी अनुज कुमार झा क्रास कंट्री रेस को रवाना करने के लिए हरी झंडी
दिखाते इससे पहले युवक जल्दबाजी में भाग खड़े हुए। अधिकारियों के पुकारे
जाने के बावजूद भी वह नहीं रुके और अपनी मंजिल को ओर बढ़ गए।
बाद में डीएम
ने युवतियों को करीब 10 मिनट के बाद झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान
डीपीआरओ सहित क्रास कंट्री रेस में लगाए गए व्यायाम शिक्षक व अन्य टीचर
बराबर क्रास कंट्री रेस के दौरान साथ चलते रहे। क्रास कंट्री रेस में
युवकों में अमित कुमार प्रथम, मदन सिंह द्वितीय व वीरेंद्र सिंह तृतीय रहे।
युवतियों में पीएसएम कालेज की बेबी प्रथम, सोनेश्री महाविद्यालय
तिर्वा की श्वेता द्वितीय, स्वाती यादव तृतीय रही। इस दौरान सढ़ियापुर की
दौड़ में शामिल युवती सुनैना की हालत बिगड़ने पर उसको प्राथमिक उपचार दिया
गया। बाद नवागंतुक एसपी दिनेश कुमार पी ने जीते हुए प्रतिभागियों का
उत्साहवर्धन किया।
बताया कि उन सभी को मंगलवार को आयोजित होने वाली परेड के
दौरान नकद पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इस मौके पर
एएसपी सुभाष चंद्र शाक्य, एसडीएम सुनील शुक्ला, डीपीआरओ जेके केसरवानी,
एनसी टंडन, रामशंकर झा, अमरनाथ दुबे, रघुराज सिंह बघेल, कृष्णचंद्र दुबे
आदि भी मौजूद थे।