छिबरामऊ। रजबहों में पानी न पहुंचने की शिकायत पर उपजिलाधिकारी गौरव शुक्ला ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ सौरिख क्षेत्र के तीन रजबहों का निरीक्षण किया। अफसरों ने रजबहा का पानी रोकने या खांदी काटकर जरूरत से ज्यादा पानी लेने वाले किसानों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए।
गुरुवार को उपजिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता पारसनाथ मौर्य के साथ सौरिख क्षेत्र के सकरावा, मिर्जापुर व तरिहा रजबहा का निरीक्षण किया। अधिशासी अभियंता ने बताया कि तीनों रजबहा मैनपुरी जनपद के गोपालपुर से शुरू होते हैं। रजबहा के पानी को शुरुआती गांवों के किसान रोक लेते हैं, जिस कारण पानी आगे नहीं पहुंच पा रहा है। उपजिलाधिकारी ने खांदी काटकर पानी रोकने वाले किसानों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सिंचाई विभाग के कर्मचारियों को नियमित गश्त करने को कहा।
उपजिलाधिकारी गौरव शुक्ला ने बताया कि धान की रोपाई का समय चल रहा है। समय से पानी न मिल पाने के कारण क्षेत्रीय किसान परेशान हैं। उन्होंने कहा कि पानी रोकने वाले किसानों पर शिकंजा कसने के लिए मैनपुरी डीएम व किशनी के एसडीएम को पत्र लिखा जा चुका है। अधिकारियों से हुई वार्ता से उम्मीद है कि जल्द ही रजबहों में पानी पहुंचने लगेगा।
अधिशासी अभियंता पारसनाथ मौर्य ने बताया कि मैनपुरी जनपद के सठ गांव में पानी रोककर जरूरत से ज्यादा पानी का उपयोग करने के आरोप में पांच किसानों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। सौरिख में भी कुछ लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।