जिला अस्पताल में बच्चे की थर्मल स्क्रीनिंग से जांच करता कर्मी
- फोटो : KANNAUJ
छिबरामऊ। नगर पालिका परिषद के वरिष्ठ लिपिक की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद ठेकेदार में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है। गुरुवार को स्वास्थ्य टीम ने पालिका सभागार में शिविर लगाकर 101 कर्मियों के सैंपल जांच के लिए केजीएमयू लखनऊ भेजे।
सीएचसी प्रभारी डा. राहुल मिश्रा के नेतृत्व में स्वास्थ्य कर्मियों की टीम ने सैंपलिंग की। पहले चरण में चेयरमैन, ईओ व कार्यालय कर्मियों की सैंपलिग हुई। इसके बाद सफाई कर्मियों की सैंपलिंग हुई। डा. राहुल ने बताया कि खांसी, जुकाम, गले में दर्द, खाने पीने की वस्तुओं में स्वाद न आना, खुशबू महसूस न होना, यह सभी कोरोना के लक्षण हो सकते हैं। ऐसे व्यक्ति बगैर लेटलतीफी के सीएचसी या फिर सौ शय्या अस्पताल जाकर सैंपल करवा सकते हैं।
प्रभारी चिकित्साधिकारी ने बताया कि 28 जून को पुलिस व डिपो कर्मियों सहित 76 लोगों के सैंपल जांच के लिए केजीएमयू लखनऊ भेजे गए थे। किसी कारणवश रिपोर्ट नहीं आ सकी। इन सभी लोगों के सैंपल दोबारा जांच को भिजवाए जाएंगे। दोबारा सैंपलिंग के लिए सभी को सूचित कर दिया गया है।