कन्नौज। एमएलसी निर्वाचन को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और एसपी विनोद कुमार ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।
उन्होंने नगर पंचायत तिर्वा कार्यालय, क्षेत्र पंचायत उमर्दा सहित अन्य केंद्रों पर विद्युत आपूर्ति, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, जनरेटर, कंट्रोल रूम और पोलिंग पार्टियों के ठहरने की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। डीएम ने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन के लिए शुक्रवार को सुबह 8 से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। मतगणना 27 अक्तूबर को होगी और पूरी प्रक्रिया 31 अक्तूबर से पहले संपन्न करनी है। डीएम ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन हो, वीडियोग्राफी की व्यवस्था रहे और मत की गोपनीयता बनाए रखी जाए। निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।