आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गुरुवार शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से सौरिख निवासी युवक की मौत हो गई। हादसे में युवक का साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और परिजन मौके के लिए रवाना हो गए। सौरिख के इंदिरा नगर मोहल्ला निवासी विवेक चतुर्वेदी (18) बुधवार को दो बाइकों से तीन दोस्तों के साथ मथुरा और वृंदावन दर्शन करने गए थे। चारों दोस्त दोपहर में घर लौट रहे थे। शाम छह बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर संख्या 41.500 के पास अज्ञात वाहन ने विवेक की बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में विवेक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।