हाईवे से बाइक को हटाती हाइड्रा।
- फोटो : CHIBRAMAU
सौरिख(कन्नौज)। लुधियाना से नेपाल जाते समय हाईवे पर चालक को झपकी आने से अनियंत्रित बाइक डिवाइडर से टकरा कर गिर गई। बाइक पर बैठे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान एक की मौत हो गई। दूसरा गंभीर है।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार सुबह नेपाल के जिला सरलाई थाना बरेहपुर्वा के गांव हरिपुर्वा निवासी केश कांति महतो(30) पुत्र नागेंद्र महतो अपने गांव के साथी हरि महतो(28) पुत्र दुर्गा महतो के साथ बाइक से लुधियाना से दीपावली के त्योहार के लिए घर लौट रहे थे। सलेमपुर गांव के पास चालक केश कांति को झपकी आ गई। इससे बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराते हुए पास में लगे बोर्ड से टकरा गई। बाइक पर पीछे बैठे हरि महतो की जैकेट 100 नंबर के बोर्ड में फंसने के कारण वह सिर के बल नीचे गिर गए।
सूचना पर पहुंचे यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी मनोहर सिंह व नामवर सिंह, गश्ती टीम के अनिल मिश्रा ने एंबुलेंस से घायलों को तिर्वा मेडिकल कॉलेज भेज दिया। यहां इलाज के दौरान हरी महतो की मौत हो गई। हादसे की सूचना दोनों के परिजनों को दी गई। चालक हेलमेट पहने था। घायल केश कांति का उपचार तिर्वा मेडिकल कॉलेज में हो रहा है। परिजनों के मुताबिक दोनों लुधियाना में रहकर एक ही कंपनी में प्राइवेट नौकरी करते थे। दीपावली की छुट्टी होने पर गांव लौट रहे थे।