कन्नौज। मौसम विभाग द्वारा शुक्रवार और शनिवार को भारी वर्षा के पूर्वानुमान को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। अपर जिलाधिकारी, वित्त एवं राजस्व देवेंद्र सिंह ने सभी उप जिलाधिकारियों और तहसीलदारों को सतर्क निगरानी और त्वरित राहत के निर्देश दिए हैं।
एडीएम ने कहा कि मौसम विभाग और राहत आयुक्त लखनऊ के दिशा-निर्देशों के क्रम में तहसील स्तर पर सतर्कता, त्वरित सूचना तंत्र और राहत व्यवस्था पूरी तरह सक्रिय रखी जाए। भारी वर्षा से उत्पन्न आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए अधिकारी-कर्मचारी क्षेत्रों में निरंतर निगरानी बनाए रखें। उन्होंने निर्देश दिए कि लेखपाल और राजस्व निरीक्षक सघन भ्रमण कर आमजन को भारी वर्षा की जानकारी समय से दें। प्रशासन द्वारा जारी क्या करें, क्या न करें एडवाइजरी का पालन करने के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा।