कन्नौज। कोषागार विभाग की ओर से कलक्ट्रेट परिसर में डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट कैंप का आयोजन मंगलवार को किया गया। वरिष्ठ कोषाधिकारी नीलम शर्मा ने बताया कि पेंशनरों को सुविधा देने के लिए जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने की प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि अब पेंशनरों को जीवित प्रमाण-पत्र जमा करने के लिए कोषागार आने की जरूरत नहीं है। वह जन सेवा केंद्र, साइबर कैफे, डाकघर या अपने मोबाइल-लैपटॉप से भारत सरकार की वेबसाइट www.jeevanpramaan.gov.in पर जाकर डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जनरेट कर सकते हैं। जनरेट होते ही प्रमाण-पत्र ऑनलाइन संबंधित कोषागार को चला जाता है। हार्ड कॉपी जमा करने की बाध्यता खत्म कर दी गई है।
इस व्यवस्था से बुजुर्ग और अस्वस्थ पेंशनरों को सबसे ज्यादा लाभ मिलेगा, उन्हें लाइन में लगने और भागदौड़ से राहत मिलेगी। समय और खर्च दोनों बचेंगे। वरिष्ठ कोषाधिकारी ने बताया कि कैंप में दर्जनों पेंशनरों ने मौके पर ही अपना डिजिटल सर्टिफिकेट बनवाया। विभाग का लक्ष्य है कि जिले के सभी 12 हजार पेंशनरों को इस सुविधा से जोड़ा जाए। इसके लिए तहसील स्तर पर भी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।