कन्नौज। पीएम सूर्य घर योजना को एक वर्ष से अधिक हो गया। अलग-अलग विभागों को पांच साल में 12 हजार सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य मिला है। योजना के पूर्वार्द्ध में ही विभाग पिछड़ने लगे हैं। ऐसे में परियोजना अधिकारी ने उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा है।
प्रभारी परियोजना अधिकारी नेडा अनुपम राय ने निदेशक यूपीनेडा को पत्र भेजा है। कहा कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत संचालित पोर्टल पर जब जनपद के आवेदक के द्वारा ऑनलाइन आवेदन किया जाता है, तो वेंडर सेलेक्शन के कालम में यूपीनेडा मुख्यालय लखनऊ में रजिस्टर्ड लगभग 2800 वेंडर के नाम प्रदर्शित होते हैं। जिस कारण आवेदक के द्वारा वेंडर का चयन किए बिना ही आवेदन को अपूर्ण छोड़ दिया जा रहा है। इससे योजना में अपेक्षित प्रगति प्राप्त करना संभव नहीं हो पा रहा है। लंबित आवेदन पत्रों के कारण इस योजना के संंबंध में लोगो में विश्वास की कमी भी होती जा रही है।
योजना वर्तमान में सीएम डैश बोर्ड दर्पण पोर्टल पर भी रैंकिंग के लिए प्रदर्शित होने लगी है। वर्तमान में जनपद में 2525 आवेदकों से सापेक्ष मात्र 1556 आवेदकों के द्वारा ही वेंडरों का चयन किया गया है। 989 आवेदकों के द्वारा वेंडरों का चयन नहीं किया गया है। पोर्टल में ऐसे आवेदकों की सूची जिन्होंने वेंडर का चयन नहीं किया है। जिले में 12 हजार घरों में सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य सरकारी विभागों को दिया गया था। योजना पर बड़ी छूट दिए जाने के बावजूद विभाग लक्ष्य प्राप्त नहीं करा पा रहे हैं। प्रभारी परियोजना अधिकारी नेडा अनुपम राय ने बताया कि लोगों को सोलर पैनल लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इनसेट
जिले में बनाए गए हैं 11 वेंडर
पीएम सूर्य घर योजना के लिए जिले में 11 वेंडर बनाए गए हैं। इन वेंडरों के जरिए सोलर पैनल लगाए जाएंगे। वेंडरों के माध्यम से लोगों को सोलर पैनल लगवाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। सरकार इसके लिए बैंकों से लोन भी दिलवा रही है।