कन्नौज। इत्रनगरी में बुखार के साथ ही डेंगू का प्रकाेप भी थमने का नाम नहीं ले रहा है। 10 दिनों में 38 लोग डेंगू से पीड़ित हो चुके हैं। इनमें शुक्रवार को पांच लोग डेंगू से पीड़ित मिले। अब डेंगू पीड़ितों की संख्या 150 पहुंच गई है। 38 डेंगू के सक्रिय मामले हैं। इनमें 16 सरकारी तो सात का निजी अस्पतालों में इलाज चल रहा है जबकि 15 घरों में ही इलाज करा रहे हैं।
तापमान में गिरावट के साथ ही मच्छरों का प्रकोप कम होने लगता है लेकिन यहां पर मच्छरों ने स्वास्थ्य महकमे की नींद उड़ा रखी है। 10 दिन पहले डेंगू पीड़ितों की संख्या 112 थी। अब 150 पहुंच गई है। अगर दूसरे जिलों के 11 डेंगू पीड़ितों को जोड़ लिया जाए तो संख्या 161 पहुंच जाएगी। इन आंकड़ों से साफ जाहिर है कि डेंगू का प्रकोप अभी तक थमा नहीं है और लगातार पीड़ितों की संख्या बढ़ रही है।
मलेरिया अधिकारी यूपी सिंह ने बताया कि जिन स्थानों पर डेंगू के मरीज मिल रहे हैं, वहां पर टीम को भेज कर एंटी लार्वा का छिड़काव और फॉगिंग कराई जा रही है। साथ ही, आसपास के लोगों की भी डेंगू जांच कराई जा रही है।
किट से जांच में बड़ी संख्या में डेंगू पॉजिटिव
निजी पैथोलॉजी में बुखार से पीड़ित लोग खून की जांच करा रहे हैं। किट से जांच में डेंगू पॉजिटिव निकल रहे हैं और इसके बाद कानपुर में इलाज करा रहे हैं। इनमें ठठिया, तिर्वा, तालग्राम क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग शामिल है। सरकारी आंकड़ों में सिर्फ एलाइजा जांच में डेंगू की पुष्टि होने पर ही माना जाता है। अगर किट से जांच में डेंगू पॉजिटिव देखे जाएं तो संख्या 200 के पार हो सकती है।