कन्नौज। खाद की कालाबाजारी और ओवर रेटिंग रोकने के लिए कृषि विभाग ने शुक्रवार को सदर तहसील क्षेत्र में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। उपकृषि निदेशक संतोष कुमार यादव और अपर जिला कृषि अधिकारी हरेंद्र तिवारी ने कई खाद दुकानों की जांच की। इस दौरान दो विक्रेता दुकान बंद कर भाग गए।
अधिकारियों ने दुकानों पर खाद के स्टॉक, बिक्री रजिस्टर, रेट बोर्ड और लाइसेंस की गहन जांच की। इस दौरान आरती ट्रेडर्स से पोटाश और छत्रपति शिवाजी फर्टिलाइजर से आईपीएल कंपनी की डीएपी का नमूना लिया गया। नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। निरीक्षण की सूचना मिलते ही दो खाद विक्रेता अपनी दुकानें बंद कर मौके से भाग निकले। अधिकारियों ने इसे संदिग्ध आचरण मानते हुए दोनों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। जवाब संतोषजनक न मिलने पर लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
उपकृषि निदेशक ने सभी विक्रेताओं को सख्त निर्देश दिए कि दुकान पर रेट बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाएं, स्टॉक बोर्ड अपडेट रखें और किसानों को निर्धारित दर पर ही खाद दें। ओवर रेटिंग या कालाबाजारी की शिकायत मिलने पर एफआईआर सहित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने किसानों से भी अपील की है कि अधिक दाम वसूलने पर तत्काल कृषि विभाग को सूचना दें।