संवाद न्यूज एजेंसी
मानीमऊ। घर से चंद कदमों की दूरी पर स्थित बाग में युवक का शव फंदे पर लटकता मिला। देखते ही देखते लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सदर कोतवाली के मानीमऊ चौकी क्षेत्र के ग्राम नेरा निवासी सोनू (30) खेती करते थे। परिजनों ने बताया कि सोमवार रात में खाना खाने के बाद सोनू घर से निकल गया। देर रात तक सोनू नहीं आया तो उसकी तलाश की गई, लेकिन पता नहीं चला। मंगलवार सुबह घर से चंद कदमों की दूरी पर बाग में ग्रामीणों ने सोनू के शव को फंदे पर लटकता देखा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद वह लोग मौके पर पहुंच गए। परिजन घटना का कारण नहीं बता सके। उन्होंने बताया कि सोनू की तीन वर्ष पहले प्रतापगढ़ में शादी हुई थी। उसके कोई संतान नहीं है। सोनू के दो बहनें थी, जिनकी शादी हो चुकी है। इस बारे में सदर कोतवाल वीके तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों ने शिकायत नहीं की है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।