रूबी के शव पर रोते बिलखते परिजन।
- फोटो : CHIBRAMAU
हसेरन(कन्नौज)। इलाके के उदियापुर में दहेज में चार लाख की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने नवविवाहिता की हत्या कर शव फंदे पर टांग दिया। औरैया से पहुंचे परिजनों ने ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। एएसपी ने मौके पर पहुंच कर छानबीन की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतका के पिता ने पति, सास, ससुर और ननद के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया है।
उदियापुर निवासी कन्हैया पुत्र रतीराम का विवाह 22 अप्रैल 2019 को जनपद औरैया के थाना दिबियापुर के पुरवा उमरन में रहने वाले उमेश चंद्र की बेटी रूबी से हुआ था। शादी के बाद से कन्हैया और उसके परिजन रूबी के घरवालों से दहेज में चार लाख की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर प्रताड़ित करते थे। सोमवार सुबह कमरे में रूबी का शव फंदे पर झूलता मिला। जानकारी पर मायके पक्ष के लोग पहुंच गए। यह हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। मौके पर इंदरगढ़ थानाध्यक्ष सुजीत वर्मा, हसेरन चौकी इंचार्ज संजय यादव पहुंच गए।
फोरेंसिक टीम के साथ एएसपी विनोद कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का मुआयना किया। नायब तहसीलदार मोहित लाल वर्मा की मौजूदगी में शव का पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। पुलिस ने मृतका के पिता उमेश चंद्र की तहरीर पर पति कन्हैया, ससुर रतीराम, सास कलावती और ननद खुशबू के खिलाफ रूबी की हत्या कर शव टांगने का मुकदमा दर्ज किया है। एएसपी ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।