तालग्राम (कन्नौज)। लखनऊ के मलिहाबाद से कच्चे आम लेकर मंगलवार को जयपुर जा रही डीसीएम के चालक को झपकी आने के कारण आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर आगे जा रहे ट्रक से जा भिड़ी।
हादसे में फूफा-भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों को डीसीएम की केबिन काट कर बाहर निकाला गया। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी है। बताया गया ओवरटेक करके के चक्कर में यह हादसा हो गया।
जनपद आगरा के थाना पडौरा अंतर्गत शाहीपुरा निवासी उदल सिंह (35) मलिहाबाद से डीसीएम में कच्चे आम लेकर जयपुर जा रहे थे। साथ में थाना बाह अंतर्गत गांव भौंर निवासी साले कमलेश का पुत्र जीतू (28) भी था। थाना तालग्राम के गोवा सकरहनी गांव के पास सोमवार आधी रात को 12 बजे पहुंचते ही ओवरटेक के प्रयास और चालक को झपकी आने के कारण डीसीएम अनियंत्रित होकर आगे जा रहे ट्रक के पीछे जा घुसी और पलट गई।
हादसे के बाद आम एक्सप्रेसवे पर बिखर गए। सूचना पर यूपीडा सहायक सुरक्षा अधिकारी ओम प्रकाश सिंह, थानाध्यक्ष शशिकांत कनौजिया मौके पर पहुंचे।
केबिन काट कर काफी मशक्कत से दोनों को बाहर निकाला। एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज तिर्वा भेजा, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। डीसीएम को क्रेन की मदद से थाने भेजा गया। सूचना पर पहुंचे भाई रामऔतार और परिजनों ने बताया कि चालक ऊदल सिंह की पत्नी सुमन और दो बेटियां और एक पुत्र हैं। साथ में उनके साले का लड़का जीतू भी था। जीतू छह भाई में चौथे नंबर का था।थानाध्यक्ष शशिकांत कनौजिया का कहना है कि मेडिकल मेमो के आधार पर दोनों की मौत की जानकारी हुई है।