तिर्वा (कन्नौज)। उमर्दा मार्ग पर बुधवार शाम अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दूध डेयरी के सुरक्षा कर्मी की मौत हो गई। हादसे की जानकारी पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। गुस्साई भीड़ ने सड़क पर जाम लगा दिया। आधे घंटे तक सड़क पर जाम लगा रहा। पुलिस ने भीड़ को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया और जाम खुलवाया।
क्षेत्र के ग्राम गसीमपुर निवासी नागेंद्र (35) गांव के पास स्थित दूध डेयरी में सुरक्षा कर्मी थे। परिजन ने बताया कि शाम को वह बाइक से ड्यूटी पर जा रहे थे। गांव के बाहर उमर्दा-तिर्वा मार्ग पर दूसरी तरफ जाने के लिए वह कट से मुड़ रहे थे। तभी पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में नागेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
युवक की मौत से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगाकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने परिजन और ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा रहा। कोतवाल संजय कुमार शुक्ला ने बताया कि शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने उठाई ब्रेकर की मांग
गसीमपुर गांव निवासी अरुण कुमार, सुलतान सिंह, प्रदीप कुमार, बबलू और निखिल समेत मौके पर मौजूद अन्य ग्रामीणों ने बताया कि उमर्दा-तिर्वा मार्ग से गांव की ओर जाने के लिए कट बना हुआ है। कट से मुड़ते समय तेज रफ्तार वाहनों के कारण हादसों का खतरा बना रहता है। सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम न होने से आए दिन लोग हादसों का शिकार हो रहे हैं। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से कट के पास ब्रेकर बनवाने और रात में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था कराने की मांग की है, जिससे भविष्य में होने वाले हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।