बाइक तेज रफ्तार में होने कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और बाइक ट्रक के पीछे जा घुसी।
- फोटो : अमर उजाला
जयसिंहपुर्वा गांव के सामने शनिवार देर रात एक टैंकर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक टैंकर वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मामले में मृतक के भाई ने अज्ञात टैंकर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कस्बे के मोहल्ला सुभाष नगर निवासी मनीष दीक्षित (22) पुत्र हरिओम दीक्षित अपने मित्र उमाकांत पुत्र गिरजेश निवासी इंद्रा नगर के साथ बाइक से शनिवार की रात नौ बजे के करीब छिबरामऊ से वापस लौट रहा था। जयसिंहपुर्वा गांव के सामने उमाकांत बाइक से उतरकर लघुशंका करने चला गया।
मनीष सड़क किनारे बाइक को खड़ा कर सीट पर बैठा रहा। उसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार टैंकर ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे मनीष गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ला रही थी, पर रास्ते में ही मनीष ने दम तोड़ दिया। कोतवाली में मृतक के भाई मयंक दीक्षित ने अज्ञात टैंकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।