आग की घटना के बाद जला हुआ मंडप का स्थान।
- फोटो : amar ujala
पकरियापुर गांव में मंगलवार सुबह दो घरों में आग लग गई। इससे करीब नगदी और चार लाख रुपये कीमत का सामान जलकर राख हो गया। आग की घटना से पूर्व एक घर में शादी समारोह संपन्न होने के बाद कलेवा की रस्म अदायगी चल रही थी। आग लगते ही परिजन व रिश्तेदार भाग खड़े हुए। इससे काफी देर तक भगदड़ मची रही। इंदरगढ़ थाने के गांव पकरियापुर में उमेश कुमार तिवारी की बेटी लवी की सोमवार रात बारात कानपुर देहात जिले के कसबा रसूलाबाद से आई थी।
मंगलवार सुबह कलेवा चल रहा था। इसी दौरान घर के पिछले हिस्से में रखे छप्पर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को चपेट में ले लिया। लपटें देख अफरातफरी मच गई। चीखपुकार सुनकर गांव के लोग दौड़े और भागकर आग बुझाने में जुट गए। हवा चलने के कारण आग ने बगल में स्थित उमेश के भाई उपदेश तिवारी के मकान को भी चपेट में ले लिया। करीब डेढ़ घंटे तक चले प्रयास के बाद आग बुझाई जा सकी। घटना की सूचना देने के बावजूद समय से फायर ब्रिगेड नहीं पहुंची।
आग बुझ जाने के बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी, जिसका कोई इस्तेमाल नहीं हो सका। गृहस्वामी उमेश कुमार के अनुसार अग्निकांड के दहेज में देने के लिए रखे 17 हजार रुपये, कूलर, कुर्सी, डबलबेड, फ्रिज, वाशिंग मशीन समेत करीब 70 हजार रुपये कीमत का सामान सहित ढाई लाख की कीमत का सामान राख हो गई। उधर उपदेश के मकान में रखे गेहूं, चावल, धान, घरेलू सामान जलकर राख हो गया। उपदेश के अनुसार करीब डेढ़ लाख की संपत्ति जलकर नष्ट हुई है।
आग की घटनाओं की जानकारी थानाध्यक्ष सुरेश कुमार, ब्लाक प्रमुख इंद्रेश यादव घटनास्थल पर पहुंचे। पीड़ित परिवार को मदद का भरोसा दिलाया। तहसील प्रशासन को भी घटना की जानकारी देकर नुकसान का आंकलन करने के लिए लेखपाल को भेजने की मांग की गई है।