थानाध्यक्षों की बैठक लेते डीआईडी नीलाब्जा चौधरी।
- फोटो : अमर उजाला
डीआईजी ने एसपी कार्यालय में सभी थानाध्यक्षों की समीक्षा बैठक लेते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां बढ़ने लगी हैं। समाज में साजिश रचकर लाभ पाने के लिए तमाम कुचक्र रचे जाएंगे। ऐसे लोगों पर बिना किसी दबाव में कार्रवाई कर जेल भेजा जाए। अवैध कच्ची शराब की धरपकड़ के लिए छापेमारी अभियान में तेजी लाए। इनमें लिप्त लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजे। अच्छा काम करने वाले सीओ, एसओ व पुलिस जवानों को सम्मानित किया गया।
गुरुवार को डीआईजी नीलाब्जा चौधरी ने एसपी समेत सभी थानाध्यक्षों की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार पी से लंबित पड़ी विवेचनाओं के बारे में पूछा। जिन थानों में विवेचनाएं सबसे अधिक लंबित हैं, उनको कड़ी फटकार लगाई। पड़ोसी जनपद में अवैध कच्ची शराब पीने से कई लोगों की मौत हो चुकी है। शहर में चल रहे अवैध कारोबार को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन अभियान में तेजी लाए। साथ ही पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें।
साथ ही क्राइम मीटिंग में पीएसी कमांडर को भी बुलाया जाए। शराब की अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन को पूरी तरह से खुली छूट है। त्यौहारों पर होने वाले दंगों से निपटने के लिए पहले से तैयारी करें। डीआईजी ने कहा कि प्रदेश में विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। राजनीतिक दल एक दूसरे पर जवाबी हमले करेंगे। ऐसे में पुलिस को बेहद सतर्क रहने की जरूरत है। किसी भी बयान को लेकर बवाल हो सकता है। मामलों से निपटने के लिए पहले से पूरी तैयारी रखो। इस दौरान छिबरामऊ सीओ वीपी सोलंकी के सहारनपुर स्थानातंरण होने पर उनको माला पहना कर विदाई दी गई।