कोतवाल को जानकारी देते मदरसा के प्रबंधक मौलाना मुस्तकीम व अन्य।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
घर से लौट रहे मदरसा के छात्र को बाइक सवार बदमाशों ने मारपीट कर लूट लिया। देर रात उसी मदरसा में अज्ञात लोगों ने तेजाब से भरी बोतल फेंकी, जिससे मदरसा के शिक्षकों व छात्रों में आक्रोश फैल गया। घटना के बाद अराजकतत्वों ने मदरसा के पीछे की दीवार पर चढ़ने का प्रयास किया। एक साथ तीन घटनाएं होने से मदरसा के प्रबंधक व प्रधानाचार्य समेत अन्य शिक्षक कोतवाली पहुंचे और घटना की तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की।
जीटी रोड किनारे गांव धमे के ताल स्थित मदरसा दारुल उलूम गौसिया में अध्ययनरत छात्र इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव झुलनापुर निवासी शेर मोहम्मद शनिवार की सुबह 5 बजे अपने गांव से मदरसा लौट रहा था। जैसे ही वह कांशीराम कालोनी के पास गाड़ी से उतरा तभी पीछा कर रहे बाइक सवार बदमाशों ने उसे रोक लिया और मारपीट कर उसके पास से एक हजार रुपये की नगदी लूट ली। उसी दिन रात करीब 8 बजे मदरसा में आवासीय छात्र पढ़ रहे थे, तभी किसी ने तेजाब से भरी बोतल मदरसे के अंदर फेंक दी, आवाज सुनकर छात्र और अध्यापक सभी छत पर पहुंचे और कुछ लोगों को खेतों की तरफ भागते देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस 15 मिनट बाद मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।
रात करीब डेढ़ बजे फि र से कुछ लोग मदरसा के पीछे ईंटों का सहारा लेकर दीवार पर चढ़ने का प्रयास करने लगे। आहट मिलते ही जैसे ही शिक्षक और छात्र सक्रिय हुए तो बदमाश भाग निकले। रविवार सुबह प्रबंधक मौलाना मुस्तकीम कादरी, प्रधानाचार्य कारी शमशुल कमर, समाजसेवी मोहम्मद कामरान और मदरसा के शिक्षक कोतवाली पहुंचे। शिक्षक साहिद रजा व मो.अजमल नेे कोतवाल अजय कुमार सिंह को घटना की तहरीर देते हुए कार्रवाई की बात कही। कोतवाल ने बताया कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।