भरथना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने ऊमरसेंडा नहर पुल के पास से अंतर्राज्यीय लुटेरे गैंग के आठ सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उनके पास से असलहे, लूटी गई नगदी, चार बाइकें बरामद हुईं हैं। पूछताछ में उन्होंने इटावा, औरैया, जालौन में करीब डेढ़ दर्जन वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने सभी को जेल भेज दिया है।
शनिवार को पुलिस लाइन में एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि भरथना क्षेत्र में लुटेरों ने कई वारदात को अंजाम दिया था। कुछ लोग बैंक से रुपया निकाल कर जा रहे थे तभी बाइक सवार लुटेरों ने उन्हें लूट लिया। इस पर उन्होंने भरथना पुलिस के साथ क्राइम ब्रंाच की टीम को लगाया था। एसओ भरथना जेपी पाल फोर्स के साथ गश्त पर थे। मुखबिर ने सूचना दी कि कुछ लुटेरे ऊमरसेंडा नहर पुल के पास मौजूद हैं और वह किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। उन्होंने क्राइम ब्रांच की टीम के साथ वहां की घेराबंदी कर ली। पुलिस ने आठ लुटेरों ंको गिरफ्तार कर लिया जबकि उनका एक साथी भाग गया। पुलिस को उनके पास से चार बाइकें, तीन तमंचे, कारतूस के अलावा 62 हजार रुपये नगद मिले हैं। उनके पास से लूटे गए आधार कार्ड व पैन कार्ड भी बरामद हुए। इस दौरान एएसपी जितेंद्र श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।
ये हैं आरोपी
पूछताछ में पकडे़ गए लुटेरों ने अपने नाम तुलसी राम दोहरे पुत्र मोहन लाल निवासी आनेपुर औरैया, राकेश दोहरे पुत्र भीखा लाल निवासी फतेहपुर थाना बेला औरैया, सुरेश दोहरे पुत्र अच्छे लाल निवासी चांद पुर थाना सहायल औरैया, अजय दोहरे पुत्र सिपाही लाल निवासी गढेवा थाना रूरा कानपुर देहात , राज कुमार दोहरे उर्फ हसोडे पुत्र भीखा लाल निवासी फतेहपुर बेला औरैया, बबलू कोरी पुत्र ज्ञानी निवासी आने पुर कोतवाली औरैया, योगेश दोहरे पुत्र रतन सिंह निवासी खरका की मडैया औरैया , सतीश दोहरे उर्फ बब्बन सिंह पुत्र मुलायम सिंह निवासी फतेहपुर बेला औरैया बताए हैं। उन्होने अपने भागे साथी का नाम विपिन कुमार पुत्र मुलायम सिंह निवासी फतेहपुर औरैया बताया।
बैंक से रुपये निकालने वालों को बनाते थे निशाना
गैंग के सदस्य बैंक के आसपास रुककर रेकी करते थे। जब व्यक्ति रुपये निकाल कर बैंक से निकलता था तो वह साथियों को इशारा कर देते थे। वह लोग उसके पीछे लग जाते थे। भरथना से 26 जुलाई को एक व्यक्ति रुपया निकाल कर चला तो उन लोगों ने रास्ते में उसे लूट लिया था। उन्होंने भरथना क्षेत्र के अलावा फ्रेंड्स कालोनी में वारदातों को अंजाम दिया।
लूट के रुपयों से खरीदी थी बाइक
लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद वह रुपये बांट लेते थे। उन्होंने वारदात को अंजाम देने के लिए लूट के पैसों से एक बाइक भी खरीदी थी। जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। अंतर्राज्यीय लुटेरे गैंग का खुलासा करने पर आईजी कानपुर ने पुलिस टीम को 12 हजार रुपये व एसएसपी वैभव कृष्ण ने पांच हजार रुपया इनाम देने की घोषणा की।
ये है पुलिस टीम
एसओ भरथना जेपी पाल,एसआई राम बाबू, शैलेंद्र सिंह, विजयपाल सिंह सिपाही सुभाष, गजेश, अनिल प्रकाश राजेश कुमार हरनाम सिंह व चालक राम सनेही के अलावा क्राइम ब्रांच के प्रभारी सतीश यादव सिपाही उदय पाल रविंद्र कुमार, प्रवीण कुमार विनय,पवन कुमार वरूण कुमार सव्रेश कुमार व नागेद्र शामिल रहे।