कालोनी में जुटी लोगों की भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
अस्त-व्यस्त कपड़ों में बेहोशी की हालत में बाइक सवार युवक एक महिला को कालोनी में छोड़कर भाग निकले। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई, लेकिन तमाशबीन बनी रही। जानकारी पर महिला के परिजन पहुंचे और उसे सौ शैय्या अस्पताल ले गए। उधर इस मामले को लेकर कालोनी में कई तरह की चर्चाएं हैं। सोमवार दोपहर दो बाइकों से तीन युवक एक महिला को लेकर कांशीराम कालोनी के ब्लाक नंबर 37 में आए।
बताया जाता है कि उन लोगों ने खाना खाया और जमकर शराब पी। अधिक नशा हो जाने पर महिला बेहोश हो गई। उसके बेहोश होते ही युवकों के होश उड़ गए। वह तीनों महिला को बेहोशी की हालत में अकेला छोड़कर बाइक पर भाग निकले। इससे वहां आस-पास के लोगों की भीड़ जुट गई। मामले की कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। कुछ देर बाद चीता मोबाइल पुलिस मौके पर पहुंची। उस समय महिला अस्त-व्यस्त कपड़ों में बेहोशी की हालत में पड़ी थी।
कुछ देर बाद महिला के परिजन भी मौके पर आ गए। वह लोग उसे उपचार के लिए नगला दिलू स्थित सौ शैय्या अस्पताल ले गए। इस संबंध में कस्बा इंचार्ज गणेश प्रसाद मिश्रा ने बताया कि कालोनी में महिला के बेहोश पड़े होने की सूचना मिली थी, लेकिन महिला के परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए। उन लोगों ने किसी भी तरह की कार्रवाई करने से मना कर दिया। उनका कहना था कि महिला अपने मित्रों के साथ कालोनी आई थी। वहां उन लोगों ने खाना खाया और शराब पी।