उन्नाव के औरास थाना क्षेत्र के श्यामपुर में जीजा के घर रह रही नवविवाहिता का शव मिला। मृतका के पिता ने हत्या का आरोप लगाया है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने मृतका के जीजा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर लिया है। साली की मौत के बाद से आरोपी फरार है।
औरास थाना क्षेत्र के गड़रियन टोला निवासी कन्हैयालाल की छोटी बेटी नेहा की शादी हरदोई जिले के संडीला के पिलकापुर गांव निवासी रजनीश के साथ हुई। शादी के माहभर बाद नेहा का जीजा औरास थाना क्षेत्र के श्यामपुर निवासी रजनू पिलकापुर रजनीश के घर पहुंचा।
उसने नेहा की विदाई कराई और उसे मायके छोड़ने के बजाय अपने घर ले आया। आरोप है कि इस बीच कन्हैया लाल ने कई बार अपनी बेटी को घर लाने का प्रयास किए, लेकिन रजनू ने उसे भेजने से इंकार कर दिया। इस पर उन्होंने पुलिस में शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
रविवार शाम रजनू ने नेहा के चाचा रामचंद्र को फोन कर नेहा के फांसी लगाकर आत्महत्या करने की सूचना दी। परिवार के लोग श्यामपुर पहुंचे तो नेहा का शव गांव के बाहर लल्लू सिंह के खेत में मिला। खेत में मक्का की फसल है। कन्हैया का आरोप है कि जिस खेत में पेड़ ही नहीं है तो वहां नेहा फांसी कैसे लगा सकती है। परिजनों के अनुसार रजनू पहले भी एक हत्या के केस में जेल जा चुका है। दो वर्ष पूर्व ही वह जेल से जमानत पर छूटकर आया था।