एंबुलेंस का क्षतिग्रस्त शीशा दिखाता चालक।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
महिला अस्पताल में एंबुलेंस चालक से गांव छोड़ने की बात को लेकर एक महिला अड़ गई है। चालक ने मना किया तो महिला ने एंबुलेंस का शीशा ईंट फेंककर तोड़ दिया। महिला द्वारा ईंटें चलाने से वहां भगदड़ मच गई। ग्राम अहिरुआ राजारामपुर की रहने वाली गर्भवती किसी बात से क्षुब्ध होकर रात करीब तीन बजे गांव से नगर के महिला अस्पताल आ पहुंची। ससुरालीजनों से परेशान महिला को कुछ तकलीफ होने पर वह उपचार के लिए भटक रही थी।
कोई सुनवाई न होने पर उसने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। आस-पड़ोस के लोगों ने किसी तरह उसे अस्पताल में भर्ती कराकर उसका उपचार कराया। इसके बाद वह महिला गांव जाने की बात पर अड़ गई। उसने एंबुलेंस चालक सुरजीत यादव से अपने गांव छोड़ देने की गुहार लगाई, लेकिन वह आनाकानी करने लगा। काफी देर तक चली जद्दोजहद के बाद भी जब चालक उसे ले जाने के लिए तैयार नहीं हुआ तब गुस्साई महिला ने वहां पड़ी ईंट उठाकर एंबुलेंस पर फेंकना शुरू कर दिया।
महिला का यह रूप देख चालक समेत वहां मौजूद लोग भाग खड़े हुए। पथराव में एंबुलेंस का फ्रंट शीशा चकनाचूर हो गया। महिला द्वारा अस्पताल में हंगामा किए जाने की सूचना पुलिस को दी गई। इस पर कस्बा इंचार्ज गणेशप्रसाद मिश्रा अस्पताल पहुंचे। किसी तरह महिला को समझाबुझाकर उन्होंने मामला शांत कराया। दारोगा ने बताया कि महिला गर्भवती है और वह मानसिक रूप से भी परेशान लग रही थी।