टूटी खिड़की दिखाते प्रधानाध्यापक
- फोटो : amar ujala
जीटी रोड हाईव किनारे स्थित कांशीराम कालोनी में बने परिषदीय विद्यालयों की खिड़कियां बीती रात चोर उखाड़ ले गए। इस मामले में प्रधानाध्यापक ने कोतवाली में तहरीर दी है। कांशीराम कालोनी में बने प्राथमिक विद्यालय और पूर्व माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं।
दोनों विद्यालयों में लगभग 200 बच्चे हैं। प्रधानाध्यापक ज्ञानेंद्र सिंह यादव और रामऔतार प्रजापति ने बताया कि होली पर विद्यालय का अवकाश था। इस दौरान चोरों ने विद्यालय में लगी लोहे की खिड़कियां पार कर दीं। इसके साथ ही स्कूलों का अन्य सामान चोरी कर लिया। प्रधानाध्यापक ज्ञानेंद्र ने बताया कि सोमवार को जब वह विद्यालय पहुंचे तो कक्षों में ताश के पत्ते और शराब की खाली बोतलें पड़ी थीं। आनन-फानन उन्होंने कक्षों की सफाई कराई।
उन्होंने बताया कि कालोनी के ही कुछ अराजकतत्वों इस तरह की हरकतें कर रहे हैं। अराजकतत्वों के खिलाफ कार्रवाई के लिए उन्होंने इससे पूर्व भी कोतवाली में शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई न होने से इन लोगों के हौसले बुलंद है। उन्होंने इस घटना की तहरीर कोतवाली में देने के साथ ही कालोनी में गश्त बढ़ाए जाने की मांग की है।