रविवार रात गश्त के दौरान सिपाही को मुक्का मारकर चोर भाग निकाला। इस दौरान उसने सिपाही पर फायर भी झोंका। घायल सिपाही ने अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। रविवार देर रात करीब ढाई बजे मोहल्ला कोलियान में दो चोरों ने धावा बोल दिया। आहट पाकर मोहल्ले के लोग जाग गए। उन लोगों ने चोरों को देख शोर मचाना शुरू कर दिया। इस बीच रात गश्त कर रहे कोतवाली की चीता मोबाइल का सिपाही सैफी अफजाल अहमद हमराह होमगार्ड विदेश बाबू के साथ उधर पहुंच गया। उसने बाइक खड़ी कर चोरों का पीछा करना शुरू कर दिया।
इस बीच एक चोर को भाग निकला, लेकिन दूसरा आगे जाकर राम सिंह कुशवाह के मकान के बाहर छिप गया। सिपाही ने उसे बाहर निकलने के लिए जैसे ही ललकारा अंदर छिपे चोर ने उस पर जान से मारने की नीयत से फायर झोंक दिया। किसी तरह वह बच गया। इसके बाद जैसे ही चोर ने दरवाजा खोलकर भागने का प्रयास किया सिपाही ने उसे दबोच लिया। इस पर चोर ने सिपाही के चेहरे पर मुक्कों से वार कर अपने आपको छुड़ा लिया और भाग गया। इस दौरान चोर के जूते, तमंचा, गोलक व अन्य सामान पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। इस मामले में सिपाही सैफी अफजाल अहमद ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है।