कार सवार चार बदमाशों ने पीछे लगी कोतवाली पुलिस पर तमंचों और रिवाल्वरों से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग बदमाशों को दबोचने की कोशिश की, पर बदमाश पुलिस की घेराबंदी तोड़कर भाग निकले। पुलिस ने घटनास्थल से बदमाशों की स्कार्पियो कार और मोबाइल बरामद किया है। सदर कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार बुधवार रात पुलिस टीम के साथ वांछित अपराधियों को दबोचने के मकसद से हाजी रईस की मिल के पास खड़े थे।
तभी सामने से स्कार्पियो कार आती दिखाई दी। पुलिस के रोकने पर चालक ने स्पीड बढ़ा दी। पुलिस ने फूलमती मंदिर के पास पुरानी पुलिस लाइन तिराहे पर कार को घेरने का प्रयास किया तो कार से उतरे चार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में कांस्टेबल अरुण कुमार ने 12 बोर की पंप एक्शन गन से चार फायर किए। कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार ने भी रिवाल्वर से बदमाशों पर फायर किए।
पुलिस टीम घेरा कसते हुए बदमाशों की ओर बढ़ी। यह देख चारों बदमाशों कार छोड़कर सिंह वाहिनी मंदिर के पीछे झाड़ियों में घुसकर भाग निकले। पुलिस ने घटनास्थल पर स्कार्पियो कार के अलावा एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक कार रुद्रपुर के जगतपुरा रोड निवासी सर्वेश सिंह पुत्र वेदराम के नाम रजिस्टर्ड है।
गाड़ी पर लगी नंबर प्लेट फर्जी है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि बदमाशों ने किसी वारदात में इस्तेमाल करने के लिए कार का नंबर बदला था। कार बदमाशों के पास कैसे आई, इस बारे में भी पता किया जा रहा है। फिलहाल अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।