जीटी रोड जलालपुर पनवारा के पास अनियंत्रित ट्रक ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार युवक मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद भाग रहे ट्रक को जलालपुर पनवारा चौकी पुलिस ने पकड़ लिया। जबकि चालक मौका पाकर भाग निकला। सदर कोतवाली क्षेत्र के हौदापुरवा गांव निवासी साधुराम का 23 वर्षीय पुत्र अतर सिंह बाइक लेकर किसी काम से जलालपुर पनवारा के आगे गया हुआ था। शाम के समय वह लौट रहा था।
जैसे ही वह बाइक लेकर सुल्तान कोल्ड स्टोरेज के निकट पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इससे अतर सिंह जीटी रोड पर गिर पड़ा। गंभीर चोटें लगने के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक हेलमेट नहीं लगाए था। दुर्घटना देख आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने ट्रक का पीछा किया। कुछ दूरी बाद ट्रक को चालक खड़ा कर भाग निकला। पुलिस ने अतर सिंह के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया। सूचना मिलते ही हौदापुरवा गांव के कई लोग जिला अस्पताल पहुंच गए।