चोरी के बाद कमरे में बिखरा पड़ा सामान।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
कस्बे के गांधी नगर मोहल्ले में बुधवार रात शिक्षिका के बंद पडे़ दो मंजिला मकान का ताला तोड़कर चोरों ने नगदी-जेवर समेत डेढ़ लाख रुपये का सामान पार कर लिया। मामले में शिक्षिका की ओर से कोतवाली में तहरीर दी गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है। कस्बे के गांधी नगर मोहल्ले की निवासी विभा पांडेय उर्फ रेखा पांडेय पत्नी स्व.सत्यनरायन पांडेय का मकान सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल के पास है।
वह प्राइमरी पाठशाला रानी अवंतीबाई तिर्वा में सहायक अध्यापिका के पद पर तैनात हैं। बीती 31 मई को वह अपने पुत्र आदित्य पांडेय के साथ मायके कानपुर देहात गई थी। उनके दो मंजिला मकान में ताले लगे हुए थे। बुधवार रात चोरों ने मुख्य दरवाजे पर लगा ताला तोड़ दिया। कमरे में रखे एक बक्सेे से 44 हजार रुपये, दो सोने की अंगूठी, दो झुमकी, दो जोड़ी झाले, एक मंगलसूत्र, दो जोड़ी चांदी की पायल व दो कीमती मोबाइल चोरी कर लिए।
गुरुवार सुबह पड़ोसियों ने दरवाजे का ताला टूटा देख उनको मोबाइल पर चोरी हो जाने की जानकारी दी। सूचना पर दोपहर ग्यारह बजे के करीब रेखा लौटी। कोतवाली पहुंचकर मामले की तहरीर दी। सूचना पाकर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास के लोगों से पूछताछ की।