कस्बे की शुक्ला कालोनी में स्थित एक टीचर के दो मंजिला मकान के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने करीब तीन लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण व नगदी चोरी कर ली। टीचर का परिवार घटना वाले दिन तीर्थ यात्रा पर गया था। वापस लौटने पर उनको चोरी की जानकारी हुई। कोतवाली में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की टीम ने मौके का निरीक्षण कर कई स्थानों से फ्रिंगर प्रिंट लिए हैं।
जूनियर हाईस्कूल नौरंगपुर नगरिया में टीचर के पद पर तैनात जन्मेजय कुमार पुत्र सेवाराम का शुक्ला कालोनी में दो मंजिला मकान है। उनकी पत्नी ममता प्राइमरी पाठशाला कनौली में सहायक अध्यापक पद पर कार्यरत है। टीचर के मुताबिक वह 10 अक्तूबर को अपने परिवार के साथ मां पूर्णागिरि के दर्शन करने गया था। मकान खाली पड़ा था। अज्ञात चोरो ने मुख्य गेट का ताला तोड़ दिया।
घर में घुसकर एक झोले में रखी करीब एक किलो चांदी के आभूषण व साठ ग्राम सोने के आभूषण व सात हजार की नगदी चुरा ली। शुक्रवार को जब वह वापस लौटकर आए तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। शनिवार की सुबह कोतवाली पहुंचकर पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी आरपी पांडेय पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। छानबीन शुरू की। फ्रिंगर प्रिंट टीम को बुलाकर फोटोग्राफ लिए गए। कोतवाली में टीचर जन्मेजय की ओर से अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया।