शादी के ढाई महीने बाद मायके आई विवाहिता से बुधवार रात पड़ोसी ने दुष्कर्म की कोशिश की। उलाहना देने पर युवक और उसके परिजनों ने विवाहिता व उसके माता-पिता को पीट दिया। इससे आहत विवाहिता ने जहर खाकर जान दे दी। पुलिस ने युवक और उसके पिता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
तालग्राम थाने के टिकरी छिदामीपुरवा निवासी राधा (20) पुत्री राम कुमार से पड़ोसी प्रदीप उर्फ पिंटू पुत्र राजकुमार शादी के पहले से ही छेड़खानी करता था। एक बार राधा के पिता ने प्रदीप के पिता राजकुमार और थाने में शिकायत की तो सुलह समझौते के बाद विवाद खत्म हो गया। 18 अप्रैल को राधा की शादी कानपुर देहात के झींझक थाने के मदारपुर निवासी हुकुम सिंह पुत्र दीप सिंह के साथ हो गई। शादी के एक दिन पहले भी प्रदीप ने घर में घुस कर छेड़खानी की थी लेकिन शादी में खलल न पड़े, इसलिए इस बार भी आपस में ही मामला सुलझा लिया गया।
राधा का पति हुकुम सिंह गुड़गांव में किसी निजी कंपनी में काम करता है। करीब 10 दिन पहले वह राधा को मायके छोड़ गुड़गांव चला गया। आरोप है कि बुधवार शाम प्रदीप उर्फ पिंटू ने राधा के घर में घुसकर दुष्कर्म का प्रयास किया। राधा के चीखने पर पिता कमरे में पहुंचे तो प्रदीप भाग निकला। उलाहना देने पर प्रदीप, उसके पिता राजकुमार व अन्य लोगों ने रामकुमार, उनकी पत्नी विंधेश्वरी व राधा से मारपीट कर दी। इससे क्षुब्ध राधा ने रात में जहर खा लिया। परिजन उसे मेडिकल कालेज ले जा रहे थे कि रास्ते में मौत हो गई।
गुरुवार सुबह थाना प्रभारी तारिक खान और तहसीलदार धीरेंद्र श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी छानबीन की। राधा के पिता रामकुमार की तहरीर पर पुलिस ने प्रदीप, उसके पिता राजकुमार के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने व रेप की कोशिश में मामला दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक हरीश चंदर ने बताया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। शिकायत मिलने के बाद भी पुलिस ने कार्रवाई क्यों नहीं की, इसकी भी जांच की जाएगी।