ठठिया थाना क्षेत्र में ऐमा पुल के पास सपा नेता की मौत गोली लगने से नहीं बल्कि सड़क हादसे में हुई है। पुलिस का कहना है कि ग्रामीणों के दबाव में हत्या की रिपोर्ट लिखी गई है। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद अब हत्या में दर्ज मुकदमे को मार्ग दुर्घटना में तब्दील किया जाएगा। ऐमा थाना ठठिया निवासी वरिष्ठ सपा नेता जगदीश यादव की शुक्रवार देर रात लखनऊ से बाइक से लौटने समय तिजलापुर और ऐमा गांव के बीच सड़क हादसे में मौत हो गई थी।
शुक्रवार सुबह जब ठठिया थानाध्यक्ष संतोष अवस्थी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने घटना के सारे हालात जांच के दौरान मार्ग दुर्घटना बताई। इस पर ग्रामीणों ने हंगामा काटते हुए पुलिस पर दबाव बनाया। दुर्घटना के मामले में हत्या किए जाने की रिपोर्ट पुत्र ने अज्ञात के खिलाफ दर्ज कराई। दबाव वश पुलिस ने रिपोर्ट तो दर्ज कर ली। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण सड़क हादसा बताया गया है।
सीएमओ डा. पीएन बाजपेई के आदेश पर डाक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट हो गया कि सपा नेता की गोली मारकर हत्या नहीं, बल्कि सड़क हादसे में सिर में गंभीर चोटें लगने से हुई है। सपा नेता हेलमेट भी नहीं लगाए थे।
हेलमेट लगाए होते तो शायद उनकी जान बच जाती। थानाध्यक्ष ठठिया का कहना है कि उन्होंने परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करने का आश्वासन परिजनों को दिया है। अब मामला स्पष्ट हो जाने पर जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है।