नंदपुर में मकान का पिलर बनाने को लेकर दो पक्षों में संघर्ष हो गया। दोनों पक्षों में जमकर ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे चले। इसमें आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सीएचसी भेजा गया है। वहीं दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है।
सिकंदरपुर चौकी अंतर्गत नंदपुर गांव में अवनीश कुमार पुत्र बलवीर के मकान का छज्जा जर्जर हालत में है। वह छज्जे में सपोर्ट के लिए पिलर बनवा रहा था। रविवार की दोपहर करीब दो बजे गांव के ही कुछ लोगों ने सड़क पर पिलर बनने से आवागमन में होने वाली असुविधा को देखते हुए विरोध करना शुरू कर दिया। इस बात को लेकर अवनीश और बाबूराम के परिजनों के बीच गालीगलौज होने लगा। वादविवाद बढ़ने पर दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे।
इस बीच पथराव शुरू हो गया। इससे भगदड़ मच गई। मारपीट में दोनों पक्षों की ओर से छविनाथ, योगेंद्र, ब्रजपाल, संतोष, राजाराम, रजनीश, रोहित और अवनीश घायल हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। झगड़े की सूचना मिलने पर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। इस मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ मारपीट कर घायल कर देने की तहरीर कोतवाली में दी है।