बघौली (हरदोई)। थाना क्षेत्र के ग्राम पटकुईयां मजरा बरौली निवासी पूर्व जिला पंचायत सदस्य ओम प्रकाश मिश्र के घर पर शनिवार की देर रात पुलिस ने छापा मारकर तोड़फोड़ की। पूर्व महिला प्रधान ने पुलिस पर लूटपाट करने का भी आरोप लगाया है। एसपी उमेश कुमार सिंह ने छापेमारी से इनकार किया है।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य की पत्नी पूर्व प्रधान अनीता मिश्रा ने प्रमुख सचिव गृह समेत पुलिस के आला अफसरों को पत्र भेजकर शिकायत की है। बताया कि वह विधान परिषद के चुनाव में प्रत्याशी राज कुमार अग्रवाल की प्रस्तावक थी। इसी रंजिश में सीओ सिटी राम लाल राय ने शहर कोतवाली में उनके पति के खिलाफ फर्जी मुकदमा दर्ज कराया था।
आरोप है कि सत्ता पक्ष के दबाव में सीओ सिटी राम लाल राय, एसआई राजेश कुमार सिंह सहित भारी पुलिस बल के साथ शनिवार की रात एक बजे दरवाजा तोड़ कर घुस आए। पति के घर में न होने पर अभद्रता की। पुत्री उपासना और श्वेता को पीटा। कमरे की अलमारी तोड़ दी और एक लाख रुपये, दो सोने की जंजीर, चार सोने की अंगूठी, दो मोबाइल लूट ले गए।
इसके साथ ही उनके भतीजे अभिषेक (16) और पुत्र शांतनु (15) को मारापीटा और रात भर बंद रखा। सुबह राजेश कुमार सिंह दोनों को थाना बघौली छोड़ गए। जहां पर बघौली पुलिस ने भी उनको मारापीटा और एक कागज पर हस्ताक्षर कराके घर भेज दिया। उन्होंने अपने परिवार को जान का खतरा बताते हुए रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। इस घटना से गांव में सनसनी फैल गई।
सीओ राम लाल राय ने बताया पूर्व जिला पंचायत सदस्य पर फर्जी पता देकर लाइसेंस बनवाने समेत कई मामले दर्ज हैं। वह और थाना पुलिस ने उसके घर न तो दबिश दी और न ही तोड़फोड़ की।