लोगों से पूछताछ करते तिर्वा कोतवाल।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
तिर्वा के सिद्धपीठ मां अन्नपूर्णा देवी मंदिर से गुरुवार की रात चोर दस लाख के जेवर समेट ले गए। सुबह पांच बजे जब पुजारी पहुंचे तो चोरी की जानकारी हुई। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी आमोद कुमार पुलिस बल के साथ मंदिर पहुंच गए। फिंगर प्रिंट टीम ने साक्ष्य लिए।
श्रद्धालुओं के लिए सुबह दस बजे तक मंदिर के कपाट बंद रखे गए। कमेटी के प्रबंधक सत्यप्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि गुरुवार रात 10 बजे के बाद आरती कर मंदिर के कपाट बंद कर दिए गए थे। मंदिर के पुजारी सुरेश बाजपेयी अपने घर चले गए। सुरक्षा व्यवस्था के लिए चार चौकीदार मंदिर परिसर में मौजूद थे। रात बारह बजे के बाद चोरों ने घटना को अंजाम दिया। चोर प्रतिमा के ऊपर लगे आठ छोटे बड़े चांदी के छतर व मां की प्रतिमा पर पहनाए जाने वाले करीब ढाई सौ ग्राम सोने के आभूषण चोरी कर ले गए। मंदिर परिसर में रखी गोलक का ताला तोड़कर 30 हजार की नगदी भी चोरी हो गई।