साइबर क्राइम के तहत जालसाज ने युवक को फोन कर एटीएम का पासवर्ड पूछ लिया और खाते से 20 हजार रुपये पार कर दिए। युवक को बैंक अधिकारी बन कर फोन किया था। विशुनगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम नगला दुर्गा मिघौली निवासी संजय पुत्र रूपलाल ने बताया कि उसने बुवाई मशीन खरीदने के लिए प्रेमपुर की आर्यावर्त ग्रामीण बैंक से 20 हजार रुपये स्टेट बैंक छिबरामऊ शाखा में छह जनवरी को ट्रांसफर कराए थे।
इसके बाद उसके मोबाइल पर एक फोन आया, जिसमें कॉल करने वाले ने बैंक अधिकारी बन कर उससे एटीएम का नंबर और पासवर्ड पूछ लिया। जानकारी के अभाव में उसने बता दिया। कुछ देर बाद उसके खाते से दस-दस हजार रुपये निकल गए। ये रुपये पेटीएम के द्वारा ट्रांसफर कराए गए। शुक्रवार को बैंक निकालने गया तो उसे जानकारी हुई। इस बारे में शाखा प्रबंधक संतोष कुमार द्विवेदी ने बताया कि एटीएम धारकों को इस बारे में सावधानी बरतनी चाहिए। बैंक कभी भी ग्राहक से पिन या पासवर्ड नहीं पूछती है।