छिबरामऊ। शहर के पश्चिमी बाईपास पर स्थित पेट्रोलपंप पर शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते, आग ने विकराल रूप धारण कर लिया जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाकर भाग खड़े हुए। सूचना के करीब एक घंटे बाद फायर ब्रिगेड गाड़ी पहुंची।
करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद तीन फायर टैंकों ने आग पर किसी तरह काबू पाया। आग से लगभग 10 लाख की क्षति का अनुमान लगाया जा रहा है।
नगर के मोहल्ला मुसाहिब चौबे निवासी दिवाकर गुप्ता उर्फ देबू का शहर के पश्चिमी बाईपास पर गोविंद हाईवे सर्विसेज के नाम से पेट्रोल पंप है। पेट्रोलपंप परिसर में ही उनकी मोबिल आयल की गोदाम है।
शनिवार की सुबह करीब साढ़े 10 बजे अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और गोदाम में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
पेट्रोलपंप पर आग लगते ही वहां अफरा-तफरी फैल गई। लोग जान बचा कर भाग खड़े हुए। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और हाईवे पुलिस पहुंची। फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई करीब एक घंटे देर से पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन उसका पानी खत्म हो गया। आग पर काबू होता ना देख क्षेत्राधिकारी लक्ष्मीकांत गौतम ने उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत कराया।
इसके बाद तिर्वा से एक फायर ब्रिगेड गाड़ी मंगाई गई और एक फर्रुखाबाद जनपद से फायर ब्रिगेड पहुंची। तीनों गाड़ियों ने मिलकर करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद जेसीबी मशीन से गोदाम में भरे मलबे को बाहर निकाला गया। इस दौरान अग्निशमन क्षेत्राधिकारी एमपी सिंह भी मौके पर पहुंच गए।
उन्होंने खतरे की आशंका को देखते हुए आग बुझ जाने के बाद भी एक फायर टैंक को मौके पर ही खड़े रहने के निर्देश दिए। पंप स्वामी दिवाकर गुप्ता देबू ने बताया शॉर्ट सर्किट से लगी आग में लगभग 10 लाख रुपये की क्षति का अनुमान है।