पुलिस की गिरफ्त में आरोपी, बरामद शराब व उपकरण।
- फोटो : अमर उजाला
थानाक्षेत्र के कई गांवों में सोमवार को पुलिस ने अवैध कच्ची शराब बनाने वाले व बेचने वालों के खिलाफ अभियान चलाया। पुलिस ने तीन हजार लीटर लहन नष्ट किया और पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ शराब बनाने के उपकरण भी बड़ी मात्रा में नष्ट किए गए हैं। थानाध्यक्ष मोहम्मद अनवर अहमद की अगुवाई में दरोगा दिलीप कुमार, सुहेल खान, नरेंद्र, नीरज अवधेश की टीम ने सबसे पहले त्योर में छापामार कर गांव निवासी कल्लू पुत्र वर्मादीन के घर पर शराब भट्टी चलते पकड़ा है।
पुलिस ने 10 लीटर शराब व सैकड़ों लीटर कच्ची लहन, चूल्हा, सिलेंडर समेत शराब बनाने के उपकरण पकड़े हैं। पुलिस ने निकवा गांव में छापा मारा, जहां से विशाल पुत्र अनिल कुमार व सनी पुत्र अमर सिंह, रज्जू पुत्र पुतल्ली, राजेंद्र पुत्र लल्लू के घर पर छापे में पाउच व बोतलों में 40 लीटर शराब बरामद हुई है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घूरे व खेतों में दबी लहन को निकलवाकर नष्ट कराया है। पुलिस ने विशाल, राजेंद्र, शनि व राजू व त्योर निवासी कल्लू को गिरफ्तार किया है। एसओ मोहम्मद अनवर अहमद ने बताया कि शराब के अलावा भारी मात्रा में लहन बरामद हुई थी। इसको नष्ट कराया गया है। छापेमारी अभियान जारी है।