ग्राम कल्यानपुर में ग्रामीणों के बीच होती हाथापाई।
- फोटो : अमर उजाला
ग्राम पंचायत कल्यानपुर में कोटा चयन प्रक्रिया में दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में जमकर हाथापाई और कुर्सियां चलीं। सूचना पर पुलिस पहुंची तो बवाल करने वाले भाग निकले। देर शाम दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। शुक्रवार को बीडीओ अनिल कुमार के निर्देश पर एडीओ पंचायत राकेश श्रीवास्तव, सेक्रेटरी सुभाष यादव और मदन सिंह ग्राम कल्यानपुर में राशन कोटा चयन प्रक्रिया कराने पहुंचे।
ग्रामीणों ने बताया कि चयन प्रक्रिया के दौरान गांव के मीनू यादव और सौदान सिंह ने दावेदारी ठोंक दीं। ग्राम प्रधान के न पहुंचने पर एक प्रत्याशी के समर्थकों ने इस प्रक्रिया को स्थगित करने की मांग कर दी, लेकिन दूसरे प्रत्याशी के समर्थकों ने इसका विरोध कर दिया। इससे दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। गया। कुछ ही देर में गालीगलौज के साथ दोनों के समर्थकों में हाथापाई शुरू हो गई। इस दौरान कुछ लोगों ने वहां रखी कुर्सियों से हमला बोल दिया।
लोगों ने एक-दूसरे पर कुर्सियां उठाकर पटकना शुरू कर दिया। यह देख लोगों के साथ अधिकारी भी भाग निकले। सूचना पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, लेकिन तब तक मामला शांत हो चुका था। दोनों पक्षों ने घटना की तहरीर कोतवाली में दी है। इधर, कोतवाल अमोद कुमार सिंह ने बताया कि राशन कोटा चयन प्रक्रिया के दौरान हुई मारपीट के मामले में दोनों पक्षों से तहरीर दी गई है। मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।