सौरिख के ग्राम देवपुर में हाइवे निर्माण के लिए ठेकेदार द्वारा प्रधान से साठगांठ कर चकरोड की मिट्टी उठवा ली गई। जिससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। गुस्साए ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान और ठेकेदार के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
ग्राम देवपुर निवासी विश्वनाथ बाथम, किरन देवी, अमर सिंह, बादल शुक्ला, वरुण कुमार, अनोज कुमार, नितिन कुमार, शिशुपाल, प्रदीप बाथम, प्रदीप शुक्ला, अनार कली आदि ग्रामीणों ने बताया कि गांव के चकरोड की मिट्टी हाइवे निर्माण के लिए ठेकेदार द्वारा प्रधान से साठगांठ कर उठवा ली गई। जिससे चकरोड काफी संकरा हो गया है।
इसके साथ ही मिट्टी उठने से वहां काफी गहरे-गहरे गड्ढे हो गए हैं। ऐसे में लोगों को निकलने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। बुधवार को ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान और हाइवे निर्माण के ठेकेदार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने इस मामले में कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी से मांग भी की है।