अमोलर। थाना तालग्राम के भवानीसराय में खेतों पर खड़े पेड़ पर फांसी का फंदा बनाकर युवक ने जान दे दी। शुक्रवार को सुबह शौच के लिए गए ग्रामीणों ने शव लटकता देखा तो गांववालों को सूचना दी। इस पर ग्रामीण व परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। इस दौरान आसपास गांव के तमाम लोगों की भीड़ लग गई।
गांव निवासी साजिद पुत्र शफी ने बताया कि उनके भाई आबिद (30) की शादी पांच वर्ष पहले लुधियाना पंजाब से नजमा बेगम के साथ हुई थी। कुछ दिनों पहले आर्थिक तंगी से पत्नी व उसकी पुत्री नसरीन बानो (3) को साथ लेकर चली गई। इसके बाद उसने न्यायालय में भरण-पोषण का मुकदमा दर्ज कर दिया जिस कारण उसका भाई परेशान रहने लगा। वह बूढ़ी मां शकीलन बेगम के पास रहने लगा। गुरुवार देर शाम खाना खाकर वह घर से निकाला था। देर शाम तक न आने पर काफी खोजबीन की गई, लेकिन उसका पता नहीं लगा। सुबह शौच को गए ग्रामीणों ने सर्वेश कुमार के खेत पर शीशम के पेड़ में अंगौछे से उसको फांसी के फंदे पर झूलता देखा।
घटनास्थल पर पहुंचने पर उसने युवक की शिनाख्त की। मामले में भाई की तहरीर पर मौके पर पहुंचे दरोगा दिलीप कुमार ने ग्राम प्रधान की मौजूदगी में शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। ग्राम प्रधान विजय का कहना था कि वह काफी गरीब था। थानाध्यक्ष मोहम्मद अनवर अहमद का कहना है कि प्रथम जांच में आत्महत्या की बात सामने आ रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के असली कारणों का पता लग सकेगा।