बारात में लड़की पक्ष का मनचाहा बैंड न आने पर बारातियों व जनातियों में मारपीट हो गई। मारपीट में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए है। पुलिस के भय से बाराती देर रात गांव छोड़कर भाग निकले। घायलों में एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे कानपुर रेफर किया गया है। जानकारी के मुताबिक औरैया जिले के एक गांव से बारात ठठिया थानाक्षेत्र के एक गांव में आई थी। शादी के समय लड़की के पिता ने दूल्हे के पिता से ब्रास बैंड करने को कहा था, लेकिन दूल्हे के पिता नागिन बैंड लेकर गांव पहुंच गए।
इसी बात को लेकर लड़की व लड़के पक्ष में मुहाचाही के बाद हाथापाई शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर बाराती व जनाती में मारपीट हो गई। दोनों ओर से लाठी-डंडे, कप प्लेटे आदि चल गए। इसमें दोनों पक्ष से कई लोग घायल हुए हैं। इधर, मारपीट के बाद किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस के आने की भनक लगते ही बाराती रात में खिसक लिए। बुधवार देर रात हुई मारपीट के बाद गांव के लोगों ने पंचायत बुलाकर समझौता कराते रहे।
गुरुवार सुबह तक पड़ी पंचायत में कोई हल न निकलने पर मामला थाने तक जा पहुंचा। वहीं गुरुवार की देर शाम तक लड़की के पिता व लड़के के पिता के बीच समझौते के प्रयास जारी रहे। थानाध्यक्ष ठठिया संतोष कुमार अवस्थी ने बताया कि दोनों पक्ष में आपस में बातचीत कर रहे है। समझौता न होने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई होगी।