कोतवाली क्षेत्र के गांव पनगवां में चंडी देवी मेला में उपद्रवियों ने बुधवार की रात जमकर हंगामा किया। मारपीट, तोड़फोड़ के साथ दहशत फैलाने के लिए हवाई फायर भी किए। इससे मेले में भगदड़ मच गई। सिपाहियों के पहुंचने से पहले ही उपद्रवी भाग गए। मेला समिति के अध्यक्ष ने पुलिस को तहरीर दी है।
ग्राम पनगवां में प्रतिवर्ष की भांति इस साल भी चंडी देवी मंदिर परिसर में बुधवार की देर शाम मेला लगा था। इसमें रंगारंग कार्यक्रम के साथ कई धार्मिक आयोजन भी हो रहे थे। मेला समिति के अध्यक्ष मुन्नू सिंह चौहान के मुताबिक रात करीब 10 बजे पड़ोसी गांव के कुछ लोग लाठी-डंडा और असलहों से लैस होकर मेला परिसर में घुस आए और तोड़फोड़ शुरू कर दी।
कार्यक्रम का मंच और कुर्सियां तोड़ डाली। समिति के लोगों ने विरोध किया तो असलहों से हवाई फायरिंग शुरू कर दी। इससे भगदड़ मच गई। पुलिस के पहुंचने के पहले सभी फरार भी हो गए। मामले में एसएसआई नवीन कुमार ने बताया कि हवाई फायरिंग की घटना झूठी है। मामूली विवाद हुआ है। जिसकी जांच की जा रही है।