गर्भवती के जच्चा-बच्चा केंद्र के गेट पर गिरने और तत्काल हुए प्रसव के बाद नवजात बच्ची की मौत हो जाने से बौखलाए परिवारीजनों व ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया। इन लोगों ने एनएनएम पर धक्का मारने का आरोप लगाते हुए हाईवे पर जाम लगा दिया। सीएचसी प्रभारी के एएनएम का तबादला कर जांच बैठाने की जानकारी देने पर लोगों का गुस्सा शांत हुआ। एएनएम ने गर्भवती को धक्का मारने से इनकार किया है।
कस्बा सराय प्रयाग के गड़रियन नगला निवासी दिनेश पाल बृहस्पतिवार सुबह करीब 11 बजे पत्नी रेखा पाल को लेकर जच्चा-बच्चा केंद्र पर पहुंचा था। उसने एएनएम पुष्पा कटियार से डिलिवरी कराने की बात कही। दिनेश का आरोप है कि एएनएम ने उसकी पत्नी को केंद्र के अंदर नहीं घुसने दिया। बोली, वह मीटिंग में जा रही है। इसे कहीं और ले जाओ। दर्द तेज होने पर पत्नी ने दोबारा देखने की बात कही तो एएनएम ने धक्का दे दिया। पत्नी गेट पर गिर गई।
थोड़ी ही देर में उसने बच्ची को जन्म दे दिया, लेकिन कुछ समय बाद ही नवजात की मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही ग्रामीणों की भीड़ लग गई। एएनएम की कार्य प्रणाली पर रोष जताते हुए लोगों ने बैलगाड़ी खड़ी कर हाइवे जाम कर दिया। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना पर एसआई तारक नाथ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सीएचसी प्रभारी ने जांच बैठाने की बात कही तो ग्रामीण शांत हुए। दिनेश पाल ने एएनएम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।