कार सवार तीन बदमाशों ने तमंचा दिखाकर पर ट्रक से करीब चार सौ लीटर डीजल और चालक से तेरह हजार रुपये लूट लिए। घटना की सूचना चालक ने सराय प्रयाग पुलिस चौकी पर दी। इस पर मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन कर लौट आई। जनपद एटा के गांव मूसीनगर निवासी संजय यादव पुत्र रघुवीर एक कंटेनर का चालक है। उसने बताया कि वह माल लेकर दिल्ली से कानपुर जा रहा था कि कस्बा सराय प्रयाग में ट्रक खराब हो गया।
रात्रि हो जाने पर पंचायत भवन के सामने ट्रक खड़ा कर उसके अंदर खलासी, जबकि वह डीजल टंकी के पास एक तख्त पर सो गया। शुक्रवार तड़के एक कार पर सवार तीन बदमाशों ने ट्रक के टैंक को खोलकर उसमें से डीजल निकालना शुरू कर दिया। खटपट की आवाज होने पर जब ड्राइवर की आंख खुली तो उसने बदमाशों को टोका। इस पर एक बदमाश ने तमंचा लगाकर तेरह हजार रुपये और चार सौ लीटर डीजल लूटकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद चालक ने जब शोर मचाया तो कुछ लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने मामले की जानकारी चालक से ली। बाद में चालक ने घटना की सूचना सराय प्रयाग पुलिस चौकी पर दी, इस पर पुलिस कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर घटना की छानबीन की।