जाम की समस्या से निपटने में ट्रैफिक पुलिस असहाय नजर आ रही है। शहर के दो व्यस्ततम स्थान तिर्वा क्रासिंग व गैस एजेंसी रोड पर जाम लगना आम बात हो गई है।
बुधवार को भी तिर्वा क्रासिंग पर सड़क पर दोनों ओर दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण और वाहन चालकों की जल्दबाजी के चक्कर जाम लग गया। लोग घंटों जाम में फंसे रहे।
लोगों का कहना है कि क्रासिंग बंद होते ही बाइक सवार, चार पहिया और भारी वाहन
बेतरतीब खड़े हो जाते हैं। क्रासिंग खुलते ही पहले निकलने के चक्कर में आपस में ही फंस जाते है। जिस समय क्रासिंग बंद होती है, ट्रैफिक पुलिस कुर्सी पर आराम फरमाती रहती है।
क्रासिंग के खुलते ही जब जाम लग जाता है, तब वाहनों को व्यवस्थित करने में जुटते हैं। यदि क्रासिंग बंद होते ही वाहनो को कतार में खड़ा कराया जाए तो शहर के लोगों को जाम से निजात मिल सकती है। शहर के अनुराग, दीपक, पीयूष, धीरु समेत कई शहरवासियों का कहना है कि तिर्वा क्रासिंग पर ओवरब्रिज का निर्माण चल रहा है।
इससे वहां चार पहिया वाहनों के घुमाव के लिए जगह पर्याप्त नहीं है। क्रासिंग खुलते ही चार पहिया वाहन जाम लगने का कारण बन जाते हैं। यदि ट्रैफिक पुलिस चार पहिया वाहनों को गैस एजेंसी रोड से निकाले तो इस समस्या से निजात मिल सकती है।
इनसेट
सायरन वाली गाड़ी ही निकलेगी
कन्नौज। जाम में भले शहर के लोगाें को घंटों फंसना पड़े प्रशासन को इससे फर्क नहीं पड़ता। अधिकारियों के वाहन के सायरन बजते ही ट्रैफिक पुलिस सारे ट्रैफिक नियमाें को ताक पर रखकर पहले उनकी गाड़ियों को निकलवाती है। इसके बाद जाम को फिर उसी हाल पर छोड़ देती है।
..जाम से निजात दिलाने की हो रही कवायद
जाम से निजात दिलाने के लिए ट्रैफिक पुलिस से बात की गई है। इस संबंध में उन्हें जरूरी दिशा निर्देश दिए गए हैं। तिर्वा क्रासिंग से बड़े वाहन न गुजरे इस संबंध में बैठककर जल्द बात की जाएगी।
- डा. अरुण कुमार सिंह, सदर एसडीएम।