परौर रोड पर दो बाइकों की भिड़ंत में एक बच्ची की मौत हो गई। जबकि उसकी मां व मामा गंभीर रूप से घायल हो गए। बच्ची के नाना ने दूसरी बाइक सवार युवक के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिला फर्रुखाबाद के थाना जहानगंज के बहोरिकपुर गांव से लगे रघुनगला निवासी बलराम सिंह की पत्नी शशिदेवी पुत्री हैपी (8) व पुत्र हनी (3) के साथ रक्षाबंधन पर अपने मायके ग्राम हविलिया जा रही थी। वह प्राइवेट बस से ग्राम राजापुर बंबा पर उतरी।
वहां से उसका भाई प्रशांत पुत्र जगरूप सिंह उन्हें बाइक से लेने आया था। सभी उसकी बाइक से घर जा रहे थे। ग्राम परौर रोड पर सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार उछलकर दूर जा गिरे। जबकि दूसरा बाइक सवार मौके से फरार हो गया।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां डाक्टरों ने हैपी को मृत घोषित कर दिया। जबकि उसकी मां शशिदेवी व प्रशांत को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में कानपुर रेफर कर दिया। हादसे की सूचना परिजनों को दी गई। बच्ची के नाना ने ग्राम खानपुर निवासी बाइक सवार नंदू पुत्र राजेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।