छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के तुलसीपुर गांव में गुरुवार रात मवेशी चोरों ने धावा बोल दिया। ग्रामीणों और बदमाशों के बीच काफी देर तक फायरिंग हुई। विरोध करने पर बदमाशों ने एक युवक को पीटकर मरणासन्न कर दिया। पुलिस ने घायल युवक को सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया। क्षेत्र के ग्राम तुलसीपुर में गुरुवार रात मवेशी चोरों ने धावा बोल दिया। ग्रामीणों को जब जानकारी हुई तो उन्होंने ललकारा। इस पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसी बीच एक बदमाश गांव के हरजेंद्र पुत्र रामनरायन की भैंस खोलकर ले जाने लगा।
हरजेंद्र ने विरोध किया तो बदमाशों ने उसे पीट-पीटकर मरणासन्न कर दिया। इसी दौरान ग्रामीणों ने घटना की सूचना 100 नंबर पर दी। इस पर थोड़ी ही देर में पुलिस गांव पहुंची। पुलिस के आने की भनक लगते ही बदमाश गांव से भाग निकले। घायल हरजेंद्र को सिपाहियों ने नगला दिलू स्थित सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से डाक्टरों ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
इस घटना से ग्रामीणों में दहशत फैली हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि आयेदिन मवेशी चोर आस-पास के गांवों में धावा बोलकर लोगों के दरवाजे पर बंधे मवेशी खोल ले जाते हैं। कोतवाल राजबहादुर सिंह ने बताया कि पुलिस मवेशी चोरों की तलाश में जुटी हुई है।