रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्लेटफार्म इंस्पेक्टर और वाणिज्य अधीक्षक एक दूसरे से भिड़ गए। दोनों में धक्का-मुक्की भी हुई। जिससे प्लेटफार्म पर खड़े यात्रियों को भी परेशान होना पड़ा।
हालांकि इसी बीच मंडल वाणिज्य निरीक्षक मौके पर पहुंच गए और उन्होंने जैसे-तैसे आपस में एक दूसरे से भिड़े इस्पेक्टर और अधीक्षक को शांत कराया। क्षेत्रीय प्रबंधक शिवेन्द्र सिंह ने इंस्पेक्टर और अधीक्षक को शनिवार को तलब किया है।
रेलवे स्टेशन पर रेल कर्मचारियों का एक दूसरे से भिड़ना, मारपीट होना धीरे-धीरे आम हो चुका है। आए दिन रेलकर्मियों में आपस में ही किसी न किसी बात को लेकर कहासुनी और मारपीट की घटनाएं प्लेटफार्म पर हुआ करती हैं।
शुक्रवार को इसी तरह का एक मामला फिर से प्लेटफार्म नम्बर दो पर हुआ। जसमें किसी सामान की रिसीविंग न मिलने से नाराज वाणिज्य अधीक्षक, प्लेटफार्म इंस्पेक्टर पर बिफर पड़े। दोनों में इसे लेकर इतनी तकरार हुई कि नौबत मारपीट की आ गई।
हालांकि धक्का-मुक्की के बाद मारपीट होती, इससे पहले वाणिज्य निरीक्षक मौके पर पहुंच गए और उन्होंने दोनों को एक दूसरे से अलग किया। वहीं क्षेत्रीय प्रबंधक शिवेन्द्र सिंह ने इस मामले को लेकर इंस्पेक्टर और अधीक्षक को शनिवार को तलब किया है।
मंडल रेल प्रबंधक के निर्देश पर अवैध वेंडरिंग के खिलाफ शुक्रवार को रेलवे स्टेशन पर एक अभियान चलाया गया। जो लगातार दो और दिनों तक चलेगा। शुक्रवार को अभियान के पहले दिन वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रबंधक शिवेन्द्र सिंह ने अवैध वेंडरिंग के खिलाफ रेलवे स्टेशन पर छापेमारी की।
इस दौरान तीन अवैध वेंडर भी पकड़े गए। जिनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मंडल रेल प्रबंधक आलोक सिंह ने बताया कि रेलवे स्टेशन पर किसी भी अवैध वेंडरिंग करने वाले व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।