जिला जेल परिसर में गाड़ी को ले जाने को मना करने पर जेलर को धमकी देने वाले कन्नौज के एक भाजपा नेता के खिलाफ जेलर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। पिछले वर्ष शहर में हुए दंगों के कुछ आरोपियों को शुक्रवार को जिला कारागार अनौगी से छोड़ा गया था। इन्हें लेने के लिए कन्नौज शहर के मोहल्ला कचहरी टोला निवासी मनू उर्फ पार्थ गुप्ता पुत्र विजय गुप्ता साथियों समेत जिला कारागार पहुंचे थे।
आरोप है कि जिला जेल की बाउंड्री में लगे गेट को संतरी ने किसी काम के लिए खोला था। इसी दौरान मनु अपने चौपहिया वाहन को परिसर में घुसा ले आए। जेलर गिरजा शंकर यादव ने दर्ज कराए मुकदमे में हवाला दिया है कि जब उन्हें परिसर में गाड़ी ले जाने से मना किया तो उन्होंने अपने चार अज्ञात साथियों समेत उनके साथ गाली-गलौज की। जान माल की धमकी देते हुए भाग गए। कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।